DAV जगजीतपुर के बच्चों ने गंगा के घाटों पर चलाया सफाई अभियान








Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर की एनएसएस इकाई के विद्यार्थियों और कक्षा सातवीं के करीब 300 विद्यार्थियों ने अध्यापक-अध्यापिकाओं के साथ गंगा सभा हरिद्वार के सहयोग से गंगा के घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के मार्गदर्शन में विद्यालय के अध्यापक व अध्यापिकाओं और विद्यार्थियों का दल हर की पैड़ी, सुभाष घाट पहुंचा और गंगा की धारा को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से सफाई अभियान चलाया। दशहरा पर्व पर गंगा की धारा को रोक कर प्रतिवर्ष सफाई अभियान चलाया जाता है, जिसमें डीएवी, हरिद्वार के विद्यार्थी तथा अध्यापक भी श्रमदान करते हैं।

एनएसएस इकाई के विद्यार्थियों ने गंगा तट पर रह रहे लोगों व जिनकी आजीविका गंगा मां के कारण चल रही है, को गंगा को निर्मल बनाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने कहा कि हरिद्वार तीर्थ नगरी है और पुराणों में भी गंगा को लेकर कहा गया है कि गंगा में स्नान करने से जन्म-जन्म के पापों से मुक्ति मिलती है। यदि गंगा की धारा स्वच्छ रहेगी तभी लोग गंगा स्नान का महत्व कायम रहेगा।

सभी विद्यार्थियों व गंगा तट पर रह रहे सभी नागरिकों ने संकल्प लिया कि हम गंगा को पवित्र बनाने में अपना पूर्ण योगदान देंगें और गंगा को प्रदूषित होने से बचाएंगें। गंगासभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकों, अध्यापिकाओं व छात्रों को धन्यवाद देते हुए कहा कि डीएवी विद्यालय गंगा के प्रति हमेशा सजग व समर्पित रहता है तथा प्रतिवर्ष गंगा सफाई अभियान में अपना अमूल्य योगदान देता है, जो कि सराहनीय कार्य है।