देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने वाला सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शक नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल आय–व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और वैश्विक नेतृत्व करने वाले भारत का स्पष्ट रोडमैप है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यह बजट आज की जरूरतों के साथ-साथ आने वाले दशकों की चुनौतियों और संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्ग इस बजट के केंद्र में हैं। अवसरों के विस्तार, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता को मजबूती और समावेशी विकास की ठोस योजनाएं इस बजट को विशेष बनाती हैं।
उन्होंने बताया कि रक्षा, कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश की आर्थिक गति को नई रफ्तार देंगे। इसके साथ ही सामाजिक संतुलन को मजबूत करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का संकल्प भी इसमें स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विशेष रूप से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्वतीय राज्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय आजीविका को मजबूती मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन के क्षेत्र में नए द्वार खुलेंगे। साथ ही, यह कदम पर्यावरण के अनुकूल विकास और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 निःसंदेह विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की ओर एक निर्णायक कदम है। यह बजट देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है।
विकसित भारत–2047 की दिशा में सर्वस्पर्शी बजट : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी







