नवीन चौहान, हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले गुरुवार को कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कांग्रेसियों ने इस दौरान मदन कौशिक मुर्दाबाद नारे लगाए। देवपुरा चौक स्थित पं. गोविन्द वल्लभ पार्क में गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता इकट्टा हुए, जहां से उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक रैली निकाली। सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर पहुंचकर रैली सभा में परिवर्तित हो गई। जहां पर उन्होंने भाजपा की प्रदेश व केन्द्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए जनता का शोषण करने का आरोप लगाया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री डा. संजय पालीवाल ने कहा कि शहर की जनता भाजपा के कारनामों से त्रस्त है। शहर में चारों ओर सड़कों को खोद दिया गया है। जिस कारण शहर में जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। जिससे लोगों का घरों से निकलना भी दुभर हो गया है। कहा कि बरसात का समय आ चुका है, किन्तु अभी तक नालों की सफाई नहीं हो पाई है। जिससे बरसात में जलभराव की समस्या से लोगों को फिर परेशान होना पड़ेगा।
पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार ने कहा कि सरकार जनता को जुमलों में फंसा कर उसका मजाक बना रही है। विकास के नाम पर केवल सड़कों को खोदा जा रहा है। कहा कि यदि सड़कों को खोदना ही था तो यात्रा सीजन के बाद विकास कार्य करवाए जा सकते थे। जिससे न तो शहर में जाम की समस्या उत्पन्न होती और न ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता।
कांग्रेस नेत्री पूनम भगत ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की सरकार जनता को गुमराह करने का काम रही है। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है। मंहगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। जाम से निपटने के लिए सरकार आज तक कोई कारगर कदम नहीं उठा पाई है। जिस कारण सरकार की कारगुजारियों का खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। इसके पश्चात कांग्रेसियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान, विमला पाण्डेय, तरूण नैयर, सुनील सेठी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, तोष जैन, जेपी पाण्डेय, मुरली मनोहर, धर्मपाल ठेकेदार, अरशद ख्वाजा, संजय अग्रवाल आदि दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजद थे।
कांग्रेसियों ने लगाए मदन कौशिक मुर्दाबाद के नारे, जानिए पूरी खबर


