कांग्रेस नेत्री की फेसबुक बॉल पर पीएम मोदी के कुत्ते वाला चित्र,मचा बवाल, जानिये पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान, हरिद्वार। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर कांग्रेस नेत्री ने अपने फेसबुक बॉल पर पीएम मोदी के कुत्ते वाले चित्र को शेयर किया है। इस चित्र को देखने के बाद भाजपाईयों में रोष बना हुआ है। एक मोदी समर्थक अधिवक्ता ने कांग्रेस नेत्री को कानून में देख लेने की धमकी दी है। जिसके बाद कांग्रेस नेत्री ने उस समर्थक को फेसबुक से ब्लॉक कर दिया है। कांग्रेस नेत्री का तर्क है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के युवराज राहुल के कई आपत्तिजनक चित्र भेजे जाते है। हमने कभी आपत्ति नहीं की। फिर मोदी के चित्र पर भाजपाईयों  को क्या तकलीफ है। वही इस पूरे प्रकरण में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने भी निंदा की है।
राजनीति के क्षेत्र में नेताओं को दूसरी पार्टियों की आलोचना करना कोई गलत नहीं है। आलोचना के माध्यम से ही राजनीति करने वाले नेता सत्ता की कुर्सी पर काबिज होते है। ऐसे में यदि कोई राजनेता अपनी आलोचना बर्दाश्त नहीं कर पाता है तो वह राजनीति के क्षेत्र में ज्यादा समय तक नहीं टिका रह सकता है। आलोचना स्वस्थ्य मुददों को लेकर की जाती है। लेकिन वर्तमान राजनीति में निम्न स्तर पर आलोचना की जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला हरिद्वार का है। जहां कांग्रेस नेत्री किरण सिंह ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुत्ते की शक्ल के चित्र को अपने फेसबुक बॉल पर लगाया है। इस चित्र के फेसबुक पर लगाने के बाद से किरण सिंह तमाम परेशानियों का सामना कर रही है। उनको लगातार धमकियां मिल रही है। जब कांग्रेस नेत्री किरण सिंह से इस फोटो के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मैंने तो फोटो शेयर की है। जब लोग इंदिरा गांधी, राजीव गांधी को नहीं छोड़ रहे हैं और उनके चित्र बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं तो मैंने भी सोचा चलों भाई मोदी का चित्र ही शेयर कर दें। इसमें मेरा कोई दोष नहीं है। मैंने तो विजय राव की फेसबुक से फोटो शेयर की है। पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक से फोन पर बात की गई तो उन्होंने इस कृत्य की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ये आपराधिक मामला है। पुलिस को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिये। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि यह गंभीर आपराधिक मामला है। इस पूरे प्रकरण से हाईकमान को अवगत कराया जायेगा। हाईकमान से अनुमति लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जायेगा। कहा कि इस तरह की गिरी हुई हरकत कांग्रेस ही कर सकती है। क्योकि कांग्रेस के पास ना तो कोई स्वयं का चरित्र है ना ही कोई विचार और ना ही कोई मुददा शेष बचा है।