सिडकुल की फैक्ट्री में करीब एक दर्जन बदमाशों ने डाली डकैती




Listen to this article

नवीन चौहान, हरिद्वार। पुलिस की तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुये करीब एक दर्जन बदमाशों ने एक फैक्ट्री कर्मचारियों को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब एक घंटे तक फैक्ट्री के भीतर रहे। बदमाशों ने कर्मचारियों पर प्राणघातक हमला भी किया। जिससे एक कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। बदमाश करीब 70 हजार की नकदी व चार मोबाइल फोन व अन्य सामान लूटकर फरार हो गये है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश करने में जुट गई है। घटना सिडकुल क्षेत्र की है।
सिडकुल के प्लाट नंबर 19 सेक्टर 8बी में क्रियेटिव इंजीनियरिंग फैक्ट्री है। फैक्ट्री के मालिक आर्दश कालिया ने पुलिस को बताया कि 10 अक्टूबर की मध्य रात्रि करीब 12 बजे एक दर्जन बदमाश दीवार फांदकर उनकी फैक्ट्री में घुस आये। फैक्ट्री के भीतर कर्मचारी संदीप, अमित, परुण और रोहित सोये हुये थे। बदमाशों ने चारों कर्मचारियों को तमंचे के बल पर काबू कर लिया। लड़कों के हाथ पैर बांध दिये। कर्मचारी परुण ने विरोध करने की कोशिश की तो तमंचे और लोहे के हथियार से उसके सिर पर वार किया। जिसके बाद बदमाश फैक्ट्री के भीतर से करीब 70 हजार की नकदी लूटकर ले गये। सभी बदमाशों ने चेहरों को कपड़ों से ढ़का हुआ था। बदमाशों ने पैंट शर्ट पहने हुई थी। जिसके बाद लूट करके बदमाश फरार हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।