- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर अग्रसर उत्तराखंड – 25 वर्षों में हासिल किए अनेक उपलब्धियां
न्यूज 127. हरिद्वार
उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय देवभूमि रजत उत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हरिद्वार के रोडीबेलवाला पार्किंग स्थल पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप प्रज्वलित कर एवं शंखनाद के साथ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य अतिथि सांसद नरेश बंसल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद ने उत्तराखंड राज्य के गठन, विकास यात्रा और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष से मिली पहचान
सांसद नरेश बंसल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिनके प्रयासों से यह देवभूमि आज 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों से प्रारंभ हुआ यह राज्य आज देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में 8 मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं, सड़कों को ऑलवेदर रोड से जोड़ा गया है तथा ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।
विकास के नए आयाम
सांसद नरेश बंसल ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है और अपराध तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया है तथा नकल विरोधी कानून और भू-कानून को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
गरीबी में कमी और रिवर्स पलायन
सांसद नरेश बंसल ने बताया कि प्रदेश में गरीबी में 4 प्रतिशत की कमी आई है और राज्य में पलायन अब रिवर्स हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि “21वीं सदी का दशक उत्तराखंड का होगा” और इस दिशा में राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है।
खनन नीति में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा राज्य को 100 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकसित भारत – 2047” के विजन को साकार करने में उत्तराखंड अपनी सशक्त भूमिका निभा रहा है।
डिजिटल प्रदर्शनी और सम्मान समारोह
इस अवसर पर सांसद नरेश बंसल ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित डिजिटल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया तथा प्रदर्शनी में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों जगत सिंह रावत, जसवंत सिंह बिष्ट, भोपाल सिंह बिष्ट, अंजू उप्रेती, बीना नौटियाल, आशु बत्तर्वाल, भगवान जोशी, सुरेंद्र सैनी, मदन गौड़, आनंद सैनी, साकेत वशिष्ठ, भीम सिंह रावत, रोहित तथा विष्णुदत्त सेमवाल सहित अन्य को सम्मानित किया गया।
स्कूल छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
देवभूमि रजत उत्सव के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें जीपीएस 41, पीबीएमयू इंटर कॉलेज और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक आदेश चौहान, नगर पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, डीजी सूचना एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा, दर्जा राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, अरविंद कुशवाहा, सिटी मजिस्ट्रेट कुशम चौहान, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, एपीडी नलनीत घिल्डियाल सहित बड़ी संख्या में जनसमूह एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





