हरिद्वार।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के साथ-साथ हरिद्वार और उत्तराखंड के लिए भी विकास के नए द्वार खोलने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक प्रावधानों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि आस्था, विकास और रोजगार के संतुलन को सशक्त करने वाला दूरदर्शी बजट है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बजट में 12 लाख करोड़ से अधिक के ऐतिहासिक इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश से हरिद्वार-रुड़की-देहरादून क्षेत्र में सड़क, रेल और कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक विकास को भी मजबूती मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि एमएसएमई और उद्योगों के लिए किए गए विशेष प्रोत्साहन से सिडकुल सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक ठोस कदम बढ़ेगा।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गंगा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर बजट में दिए गए विशेष ध्यान से हरिद्वार की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक गरिमा और अधिक सुदृढ़ होगी। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में बढ़े निवेश से आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी और बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह बजट हरिद्वार और उत्तराखंड की भावनाओं, जरूरतों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट से हरिद्वार प्रगति के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा और उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।
हरिद्वार और उत्तराखंड के विकास को मिलेगा नया आयाम: त्रिवेंद्र सिंह रावत







