रामलला की पहली छवि देखते ही भावुक हुए भक्त, छलके आंसू




Listen to this article

नवीन चौहान.
रामलला के दर्शनों का सदियों का इंतजार अब समाप्त हो गया। जैसे ही भक्तों ने रामलला की पहली छवि देखी तो लोग भावुक हो गए। उनकी आंखों से खुशी से आंसू छलक गए। लोग अपनी खुशी को रोक नहीं पा रहे हैं।
रामलला के मुकुट में नौ रत्न सुशोभित हैं और गले में सुंदर रत्नों की माला है। भगवान रामलला की कमरबंद भी सोने से बना है। रामलला के आभूषणों में रत्न, मोती, हीरे शामिल हैं।
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हो गई है। 500 वर्षों से अधिक का इंतजार खत्म हो गया है। रामलला राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनुष्ठान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर मोहन भागवत और सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रही।
राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शुमार रहीं साध्वी ऋतंभरा और उमा भारती भी भव्य राम मंदिर को अपनी आंखों के सामने देख अपने आंसू नहीं रोक पाई और दोनों नेता गले लगकर खूब रोईं। दोनों की ये भावुक तस्वीरें सामने आईं हैं।
अयोध्या ही नहीं इस समय पूरा देश राममय हो गया है। हर मंदिर और गली मोहल्लों में भजन कीर्तन चल रहे हैं। जगह जगह प्रसाद का वितरण हो रहा है। राम पताका घरों पर फहराई गई है। हर कोई राम की भक्ति में डूबा है। मंदिरों को बिजली की रोशनी से सजाया गया है। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की जा रही है।