धान के खेत में कटाई करते नजर आए DM धीराज सिंह, जानिए वजह




Listen to this article

नवीन चौहान.
हरिद्वार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को धान के खेत में जाकर स्वयं अपने हाथों से धान की कटाई और बाद में कटाई किये गए धान की मंडाई करायी। इस दौरान तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

दरअसल धान की उपज का इस बार औसत क्या रहा, यह देखने के लिए जिलाधिकारी ने प्रक्षेपण स्थल पर स्वयं जाकर धान की कटाई की और अपने सामने ही मंडाई भी करायी। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शुक्रवार को ग्राम बहादराबाद, तहसील हरिद्वार में खसरा नंबर 146, जिसमें नीरज निवासी ग्राम बहादराबाद द्वारा कृषि कार्य किया जा रहा है, में खरीफ फसल के अंतर्गत धान फसल पर क्रॉप कटिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र पर फसल की कटिंग कराई।

मंड़ाई के पश्चात खसरा नंबर 146 में कटाई हेतु निर्धारित क्षेत्रफल 43.4वर्ग मीटर में कुल धान की उपज 11.400 कि.ग्रा. प्राप्त हुई। क्रॉप कटिंग के दौरान तहसीलदार रेखा आर्य, सहा. भूलेख अधिकारी हरिहर उनियाल, अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह, राजस्व निरीक्षक ज्वालापुर अनिल गुप्ता, राजस्व उपनिरीक्षक-बहादराबाद प्रवीण आर्य, सन्दीप सैनी सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।