जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया तहसील भगवानपुर का निरीक्षण








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को तहसील दिवस के अवसर पर तहसील भगवानपुर कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों पर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील में अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर आने वाले आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी पटल सहायकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील में लंबित वादों की जानकारी लेते हुए कहा कि जो मामले लंबे समय से लंबित हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा तहसील कार्यालय में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि तहसील से निर्गत होने वाले विभिन्न प्रमाण पत्र आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा उन्होंने कार्यालय एवं परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, पुलिस उपाधीक्षक अभिनव चौधरी, तहसीलदार भगवानपुर दयाराम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।