सफाई व्यवस्था जानने सुबह DM ने बजा दी अधिकारियों की घंटी




Listen to this article

न्यूज 127.
जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार को सुबह सुबह अधिकारियों की उस वक्त नींद उड़ा दी जब उन्होंने अधिकारियों को फोन कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मौके पर बुला लिया। डीएम साहब के फोन को सुनकर अधिकारी तुरंत दौड़े दौड़े मौके पर पहुंचे। डीएम ने सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति को देखकर कड़ी नाराजगी जतायी।

शुक्रवार सुबह जिलाधिकारी सविन बंसल सुबह-सुबह शहर में सफाई व्यवस्था और डोर टू डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था जांचने के लिए अचानक औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान पता चला कि 14 वाहन कूड़ा उठान के लिए हैं, जिनमें चार वाहन खराब और 11 समय पर नहीं निकले। उन्होंने वाहन के अनुसार पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

डीएम वाटरग्रेस, इकॉनवेस्ट मैनेजमेंट के गैराज पर पहुंचे। इस दौरान 32 वाहन डोर टू डोर कूड़ा उठान के लिए रवाना नहीं हुए थे। जिस पर कंपनी पर जुर्माना लगाया गया। डीएम ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जतायी। वर्कशॉप में 18 वाहन निकासी स्थल पर मिले, जिन पर डीएम ने पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने वाहन के मूवमेंट सत्यापन के लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही खराब वाहनों को ठीक कराने और संबंधित कंपनियों की आरसी काटने के लिए कहा गया। डीएम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर जाकर औचक निरीक्षण किया।