डीएवी देहरादून में नवरात्रि पर्व में छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा और डांडिया खेल में लिया हिस्सा




Listen to this article

न्यूज127, देहरादून
डीएवी पब्लिक स्कूल में नवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया। आस्था की भक्ति से सराबोर स्कूल प्रांगण में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई औ डांडिया उत्सव मनाया गया

डीएवी स्कूल की कक्षा नर्सरी से कक्षा 2 तक के छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं के रूप धारण किए, जबकि अन्य विद्यार्थी पारंपरिक डांडिया परिधान में सज-धज कर विद्यालय प्रांगण में उपस्थित हुए। सभी विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक छवि से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कष्टनिवारणी व भवमोचनी देवमाता मां दुर्गा की आरती और मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। छात्रों ने सफलता, शिक्षा और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना की और जयकारे लगाते हुए डांडिया खेल में भाग लिया।

डांडिया परिधान में सजे नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मुस्कान और डांडिया की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और आनंद का संचार किया। इस अवसर पर छात्रों के अध्यापिकाएं भी मौजूद रहीं और उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने नवरात्रि के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्यौहार शक्ति, साहस और सद्गुणों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे माता दुर्गा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण रखें।