सोशल मीडिया से दूरी और नशामुक्ति पर जोर: एसएसपी नवनीत सिंह








Listen to this article


धनौरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने युवाओं से सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए अपने भविष्य निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए किया जा सकता है, लेकिन इसके एडिक्शन से बचना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने का आह्वान भी किया।
एसएसपी सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का कीमती समय फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक व्यतीत हो रहा है, जिससे उनके समय और ऊर्जा की बड़ी हानि होती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से कई प्रकार के अपराध भी सामने आते हैं, इसलिए इसके प्रति सजग और जिम्मेदार होना जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं को साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने युवाओं से समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ मिलकर काम करने का भी आह्वान किया।
इससे पूर्व महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध समिति की ओर से डॉ. हर्ष सैनी और डॉ. आदित्य सैनी ने एसएसपी नवनीत सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान महिला दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को एसएसपी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की, जबकि संचालन डॉ. योगेश योगी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुनेंद्र सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी, सह संयोजक डॉ. निशा रानी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपमाला कौशिक, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. मीना नेगी, संध्या त्यागी, डॉ. रिमझिम पुंडीर, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. ज्योति जोशी, डॉ. राहुल देव, डॉ. छवि त्यागी, डॉ. अंजू शर्मा, आयुषी सिंह, अमित कुमार, अंकेश चौहान सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।