हरिद्वार
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत डीएवी सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर (लक्सर रोड, कनखल) के विद्यार्थियों के लिए उत्साहजनक रही। खण्ड परियोजना अधिकारी, हरिद्वार द्वारा “संपूर्णता अभियान 2.0” के अंतर्गत विकासखण्ड स्तर पर बीआरसी बौंगला, बहादराबाद में आयोजित निबन्ध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रथम स्थान अपने नाम किए।

प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग में कक्षा-7 के अक्षित सैनी ने निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी लेखन प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं कक्षा-8 की आराध्या सैनी ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी सृजनात्मकता का परिचय दिया।

सीनियर वर्ग में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा-9 के अभिनव मिश्रा ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा-12 की अंशिका गोयल ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित कर अपनी वाक्-कौशल से सभी को प्रभावित किया।

नए सत्र की पहली ही प्रतियोगिता में मिले इन उत्कृष्ट परिणामों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन का भी प्रमाण है।
प्रधानाचार्य ने सभी छात्रों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




