हरिद्वार।
गृह मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत पार्किंग और रूट प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों और बसों के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल निर्धारित की हैं। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर में ट्रैफिक जाम से बचाव करना और कार्यक्रम स्थल तक आवागमन को व्यवस्थित बनाए रखना है।
पुलिस विभाग के अनुसार कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप के आसपास कुल नौ पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। एनएच प्रोजेक्ट के बाईं ओर स्थित पार्किंग संख्या-1 बसों के लिए निर्धारित की गई है, जबकि एनएच प्रोजेक्ट के सामने सेक्टर-1 की पार्किंग संख्या-2 में कार्यक्रम में आने वाले सभी चौपहिया वाहनों को पार्क कराया जाएगा। इसी क्षेत्र में सेक्टर-2 स्थित पार्किंग संख्या-3 बसों के लिए रखी गई है।
इसके अलावा पुलिस हैंगर के दाहिनी ओर स्थित पार्किंग संख्या-4 वीआईपी वाहनों के लिए निर्धारित की गई है, जबकि पुलिस हैंगर के बाईं ओर का क्षेत्र वीवीआईपी वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा। पुलिस हैंगर के पीछे बीच वाला क्षेत्र पार्किंग संख्या-5 के रूप में बसों के लिए तय किया गया है। वहीं नदी घाट क्षेत्र में पुलिस हैंगर के पीछे ऊपर टंकी के सामने पार्किंग संख्या-6 बसों के लिए निर्धारित की गई है। अखाड़ों वाली जमीन को पार्किंग संख्या-7 के रूप में रिजर्व रखा गया है, जबकि दक्ष पार्किंग को बसों के लिए और गड्ढा पार्किंग को रिजर्व पार्किंग के रूप में चिन्हित किया गया है।
कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए पुलिस ने पांच अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं।
लक्सर, पथरी और कनखल क्षेत्र से आने वाली बसें जगजीतपुर, बुढ्ढी माता तिराहा और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पहुंचेंगी और पार्किंग संख्या-5 व 6 में खड़ी की जाएंगी। रूड़की, भगवानपुर, मंगलौर, खानपुर, नारसन, कलियर और बुग्गावाला से आने वाली बसों को हरिलोक, ऋषिकुल हाईवे, शंकराचार्य चौक और बैरागी कट से होते हुए पार्किंग संख्या-1 व 3 तक भेजा जाएगा।
सिड़कुल, बहादराबाद और बीएचईएल क्षेत्र से आने वाली बसें सिड़कुल, बीएचईएल, भगत सिंह चौक, पुराना रानीपुर मोड़ और ऋषिकुल मार्ग से होते हुए शंकराचार्य चौक पहुंचेंगी, जहां से उन्हें बैरागी कट के रास्ते पार्किंग संख्या-1 और 3 में पार्क कराया जाएगा।
वहीं नजीबाबाद, कुमाऊं, श्यामपुर, देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों को चंडी चौक और अलकनंदा कट से बैरागी गेट के माध्यम से पार्किंग स्थल तक भेजा जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों के लिए जयराम मोड़ से अलकनंदा कट होते हुए बैरागी गेट तक एक वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में आने वाले सभी चार पहिया वाहनों को केवल पार्किंग संख्या-2 में ही पार्क किया जाएगा। साथ ही रूड़की से आने वाली बसों की एंट्री कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले केवल बैरागी गेट से ही होगी। इसके बाद बसों का प्रवेश सिंहद्वार, देशरक्षक और बुढ्ढी माता मार्ग से कराया जाएगा।
हरिद्वार पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित मार्गों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
अमित शाह के हरिद्वार आगमन पर पुलिस की व्यापक तैयारी, पार्किंग व रूट प्लान जारी




