मैदानों में प्रचंड गरमी का प्रकोप, पहाड़ों में बदला मौसम




Listen to this article

न्यूज 127.
उत्तर भारत के मैदानी इलाके इस समय प्रचंड गरमी के प्रकोप से जूझ रहे हैं। मैदानी इलाकों में चल रही लू ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। वहीं दूसरी ओर पहाड़ों में कुछ स्थानों पर बारिश होने से मौसम ने करवट बदली है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। यमुनोत्री धाम सहित आस-पास के खरशाली गांव, जानकीचट्टी, नारायण पुरी, फूलचट्टी क्षेत्र में बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। बड़कोट तहसील क्षेत्र में आंधी-तूफान चला।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और टिहरी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

वहीं उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी लू का ओरेंज अलर्ट जारी है। मैदानी इलाकों में अभी प्रचंड गरमी का दौर रहेगा। तापमान 44—45 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा। गरमी के प्रकोप से बचने के लिए दिन में घर से बाहर निकलते समय उचित सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।