पूर्व केबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद बोले संस्कृत को जन-जन की भाषा बनाने का संकल्प




Listen to this article


न्यूज127
उत्तराखंड संस्कृत अकादमी, राज्य सरकार एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में संचालित 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, आदर्श संस्कृत ग्राम भोगपुर (डोईवाला) में हुआ, जबकि जनपद हरिद्वार का आयोजन वेलकम फार्म, नूरपुर पंजनहेड़ी में संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और विशिष्ट अतिथि मेयर किरण जैसल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। पूर्व ​केबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने आज के दिन को प्रदेश के गौरव का दिन बताते हुए मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने सभी जनपदों में आदर्श संस्कृत ग्रामों का शुभारंभ किया है। संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है और इसे जन-जन की भाषा बनाने का यह प्रयास ऐतिहासिक है।


उन्होंने नूरपुर पज्जनहेड़ी को मजबूत और सक्रिय ग्राम बताते हुए ग्रामवासियों से संस्कृत के प्रचार-प्रसार में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्राम में 3-4 केंद्र खोलकर सभी ग्रामवासियों को सामान्य बोलचाल की संस्कृत सिखाई जाए।
मेयर किरण जैसल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्कृत को आमजन की भाषा बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।डॉ. करुणा गुप्ता ने संस्कृत को भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का आधार बताते हुए इसके संरक्षण के लिए जागरूकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन: डॉ. प्रकाश चंद्र जोशी ने किया और छात्रों ने संस्कृत में स्वागत गीत से कार्यक्रम को दिव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पीआर. चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके. गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील चौहान, प्रधानाचार्य सर्वेश्वर तिवारी, डॉ. चंद्रभूषण शुक्ला, प्रभारी निदेशक विद्यासागर व्यास, ग्राम प्रधान प्रदीप चौहान, ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र, राजेंद्र प्रसाद पुनेठा, राजेंद्र गोनियाल, जिला पंचायत सदस्य सोहनवीर पॉल, प्रधानाचार्य राकेश कुमार, सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।