पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत आयेंगे हरिद्वार, किया जनता का आभार




Listen to this article


नवीन चौहान

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जल्द ही हरिद्वार आयेंगे और मां गंगा को आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो होता है वह अच्छे के लिए ही होता है। वह सकारात्मक सोच रखते है और प्रदेशहित में कार्य करते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने न्यूज127 के संपादक नवीन चौहान से बातचीत करते हुए बताया कि भाजपा हाईकमान ने जो जिम्मेदारी दी थी उसको ईमानदारी से निर्वहन करने का प्रयास किया। उत्तराखंड की जनता की मनोभाव से सेवा की। उत्तराखंड के हित में निर्णय लिए गए। प्रदेशवासियों के हितों के लिए वह आगे भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने दो ​तीन दिनों के भीतर हरिद्वार आने और मां गंगा का आशीर्वाद लेने की बात कही है।
बताते चले कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को प्रचंड बहुमत की सरकार में भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी थी। इस पद पर रहते हुूए त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जीरो टालरेंस की मुहिम और भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया। सचिवालय को दलाल मुक्त कराया। प्रदेश में माफियाओं के हौसलों को ध्वस्त किया। यही कारण रहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत माफियाओं के आंखों की किरकिरी बने रहे। प्रदेश के तमाम भाजपा विधायकों को खटकने लगे। विधायकों के गलत कार्यो को मुख्यमंत्री ने मंजूरी नही दी। जिसके बाद तमाम विधायकों ने मुख्यमंत्री बदलने की मुहिम को हवा दी। प्रदेश में अस्थिरता के माहौल को शांत करने के लिए भाजपा हाईकमान ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को बदलकर तीरथ सिंह रावत को सूबे के मुखिया की कुर्सी पर बैठा दिया। लेकिन त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करते बड़ी लकीर खड़ी कर दी है। जिसका छोटा करना शायद ही असंभव हो। भाजपा हाईकमान का निर्णय सही है या गलत यह तो भविष्य बतायेगा। लेकिन त्रिवेंद्र सिंह रावत की कुर्सी पद से विदाई भाजपा के असंतुष्ट विधायकों की संतुष्टि के लिए उठाया गया फैसला है।