8 करोड़ की ऑनलाइन ठगी होने के बाद पंजाब के पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली




Listen to this article

न्यूज 127, पंजाब के पटियाला में राज्य के पूर्व इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। उन्होंने यह गोली अपने सुरक्षाकर्मी के रिवॉल्वर से चलाई। गंभीर रूप से घायल चहल को तुरंत पटियाला के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोली चलाने से पहले अमर सिंह चहल ने 12 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जो उन्होंने पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव के नाम संबोधित किया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में उन्होंने करीब 8.10 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का जिक्र किया है। रिटायरमेंट के बाद चहल पटियाला में ही रह रहे थे। पटियाला के SSP वरुण शर्मा ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत चहल के आवास पर पहुंचीं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सुसाइड नोट में अमर सिंह चहल ने लिखा कि वह हाल ही में “IPS ग्रुप” नाम के एक Whatsapp ग्रुप से जुड़े थे। इस ग्रुप में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया गया, जिसके झांसे में आकर उन्होंने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कर दी। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह पूरा नेटवर्क ऑनलाइन ठगी का था।