नवीन चौहान.
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत का रविवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। शनिवार को उन्हें फेफड़ों में संक्रमण होने के कारण हल्द्वानी से हेलीकॉप्टर द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।
बताया गया कि जब शनिवार को उन्हें अस्पताल लाया गया था तो उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव थी। लेकिन एम्स में उनकी दोबारा कोरोना की जांच की गई, जिसमें वे संक्रमित पाए गए थे। उनके निधन की खबर सुनते ही प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई।
एम्स में भर्ती होने के बाद डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे थे। एम्स के स्टाफ ऑफिसर डॉ. मधुर उनियाल के मुताबिक रविवार रात उनकी हालत अचानक और बिगड़ गई। रविवार रात करीब 8:45 बजे उनका निधन हो गया।
बची सिंह रावत के निधन की खबर से भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

