HARIDWAR LAKSAR ROAD हरिद्वार–लक्सर रोड का फोरलेन वक्त की जरूरत, दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम








Listen to this article

न्यूज127
हरिद्वार–लक्सर रोड को फोरलेन किए जाने की मांग अब क्षेत्र की जनता की प्रमुख आवाज बनती जा रही है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और रोजाना हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए आमजन इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण की पुरजोर मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क को फोरलेन नहीं किया गया, तो दुर्घटनाओं का ग्राफ और अधिक बढ़ सकता है।
बीते दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) की टीम द्वारा हरिद्वार–लक्सर रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया गया। करीब एक माह तक चले इस अभियान में सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाए गए, जिसके बाद यातायात व्यवस्था में कुछ हद तक सुधार और दुर्घटनाओं में कमी देखने को मिली। हालांकि, यह राहत अस्थायी मानी जा रही है, क्योंकि सड़क की चौड़ाई मौजूदा ट्रैफिक के अनुरूप नहीं है।
विदित हो कि पिछले एक दशक में हरिद्वार–लक्सर रोड क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। यहां बड़ी संख्या में नई कॉलोनियां विकसित हुई हैं, जिनमें लाखों लोगों ने अपने आशियाने बनाए हैं। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज जगजीतपुर का निर्माण पूर्ण हो चुका है, वहीं कई निजी कॉलेज, शिक्षण संस्थान और स्कूलों का भी तेजी से विस्तार हुआ है। राज्य सरकार की अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं भी इसी मार्ग पर साकार हो रही हैं, जिससे वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
स्थानीय निवासी मिस्सरपुर की निशा चौहान का कहना है कि बढ़ते ट्रैफिक के कारण बच्चों को स्कूल भेजते समय डर बना रहता है। भारी वाहन, तेज रफ्तार और संकरी सड़कें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। उनके अनुसार, सड़क का फोरलेन होना अब बेहद जरूरी हो गया है।
भागीरथी विहार निवासी अमन कुमार ने बताया कि हरिद्वार–लक्सर रोड पर यातायात का दबाव दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। उन्होंने भी सड़क के फोरलेन किए जाने को समय की मांग बताया।
वहीं प्रॉपर्टी कारोबारी शिव कुमार चौहान का कहना है कि क्षेत्र में तेजी से बढ़ती जनसंख्या और विकास गतिविधियों को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण अनिवार्य है। फोरलेन बनने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि यातायात भी सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
बता दे कि हरिद्वार–लक्सर रोड का फोरलेन होना अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। जनता उम्मीद कर रही है कि सरकार और संबंधित विभाग जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।