नैनीताल
जनता की मेहनत की कमाई को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर हड़पने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस प्रभावी कार्रवाई में वर्ष 2017 से सक्रिय एक फर्जी सहकारिता संस्था के दो मुख्य संचालकों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने लंबे समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कात्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC के तहत एक बड़े वित्तीय घोटाले का सफल अनावरण किया गया। अभियुक्तों द्वारा “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में खोली गई थी। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर और अधिक ब्याज व गारंटी का लालच देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर एवं नैनीताल सहित कई जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से निवेश कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये का गबन किया और फरार हो गए। दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में लगातार दबिश दी गई।
04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी संभावना जताई गई है, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तारी टीम में
उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट (लालकुआं), कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट शामिल रहे।
ब्याज का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार







