हरिद्वार
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हरिद्वार के चंडीघाट क्षेत्र में मैत्री यूथ क्लब द्वारा एक प्रेरणादायी वस्त्र वितरण अभियान का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल का मुख्य उद्देश्य सर्दी के मौसम में ज़रूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों को राहत प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार वस्त्र चुनने की सुविधा दी गई, जिससे अभियान और अधिक मानवीय व संवेदनशील बन सका।

मैत्री यूथ क्लब इस अभियान की तैयारी में पिछले दस दिनों से निरंतर जुटा रहा। युवाओं ने अपने निजी समय में विभिन्न क्षेत्रों से वस्त्र एकत्र किए, उन्हें सावधानीपूर्वक छाँटा तथा उपयोग योग्य कपड़ों को अलग कर वितरण के लिए तैयार किया। इस पूरी प्रक्रिया में क्लब के सदस्यों की निष्ठा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित किए गए वस्त्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिक सूरज, मीना एवं भोजन माता (प्राथमिक विद्यालय, चंडीघाट) की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए वितरण कार्य में सहयोग भी प्रदान किया।
मैत्री यूथ क्लब के सदस्यों ने बताया कि ऐसे अभियानों के माध्यम से समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही वे युवाओं को संवैधानिक मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित यह वस्त्र वितरण अभियान समाज के प्रति युवाओं की जागरूकता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में मैत्री यूथ क्लब से गार्गी, स्तुति, रितेश त्रिपाठी, रितेश पांडे, जया, नम्रता, हेमलता, बबीता, सुष्मिता, मानसी, नेहा, महिमा, अरुण, अभिमन्यु एवं प्राची ने सक्रिय भूमिका निभाई।




