न्यूज 127. ऋषिकेश।
गणेश चतुर्थी पर हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गणेश उत्सव के कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। ऋषिकेश में उन्होंने आदर्श नगर, हीरा लाल मार्ग में आयोजित 05वें गणेश महोत्सव और पुष्कर मंदिर मार्ग स्थित श्री सिद्ध गणेश मंदिर में आयोजित 32वें गणेशोत्सव में प्रतिभाग कर गणपति की पूजा अर्चना कर सभी की सुख समृद्धि की कामना की।
गणपति बप्पा के जयघोष से गूंजतें इन आयोजनों को आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बताते हुए श्री रावत ने कहा कि ऐसे पर्व समाज को एकता, सद्भाव और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस परंपरा को जीवंत बनाए रखते हुए सभी को भक्ति और उत्साह से जोड़ने का अद्भुत कार्य किया है।
सांसद ने भगवान गणेश से समस्त क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि, मंगलमय वातावरण और सबके मनोरथ पूर्ण होने की मंगलकामना की। इस अवसर पर महापौर ऋषिकेश शम्भू पासवान, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्त्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। गणेश जन्मोत्सव पर विघ्नहर्ता गणपति का अभिषेक, सुख समृद्धि की कामना की गई।