हरिद्वार में लोहड़ी पर्व पर राज्यपाल ने दी संस्कृति और राष्ट्रवाद की प्रेरणा




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से नि) गुरमीत सिंह ने हरिद्वार में पंजाबी समाज द्वारा आयोजित 26वें लोहड़ी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और उपस्थित जनसमुदाय को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि लोहड़ी पर्व न केवल फसल के उत्पादन और नए वर्ष की खुशियों से जुड़ा उत्सव है, बल्कि यह सांस्कृतिक चेतना, मांगलिक आशीर्वाद और जन सरोकारों का पर्व भी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व मानवता में ऊर्जा का संचार करता है और समाज में भाईचारे, समरसता और बंधुत्व की भावना को मजबूत बनाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत की सांस्कृतिक विविधता को “अनेकता में एकता” के रूप में परिभाषित करने का उल्लेख करते हुए कहा कि लोहड़ी पर्व इस सांस्कृतिक विविधता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्यपाल ने पंजाबी समाज की लोक कला, संगीत और उत्साह की सराहना की, जो विश्व स्तर पर अपनी अनोखी ऊर्जा और मधुरता के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के समय पंजाबी समाज द्वारा किए गए मानव सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की और कहा कि गुरु परंपरा के अनुसार यह समाज हमेशा दूसरों के दुख में सहभागी रहता है।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु ने सभी मनुष्यों की उत्पत्ति एक ही पुंज से बताई है, इसलिए सभी को सहिष्णुता, प्रेम और सद्भावना के साथ जीवन यापन करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज और देश के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य करने की अपील की और प्रधानमंत्री मोदी के 2047 के विकसित भारत विजन को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल, रुड़की से अनीता अग्रवाल, सुनील सैनी, विश्वास डाबर, पंजाबी महासभा के अध्यक्ष प्रवीन कुमार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित था। कार्यक्रम में सामूहिक उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।