नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने किया स्वामी यतीश्वरानंद और अनिल गोयल का सम्मान, कहा— शिवालिक नगर बनेगा आदर्श नगर
हरिद्वार
नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा आयोजित भव्य “दीपावली मिलन एवं स्वागत-सम्मान समारोह” नगर क्षेत्र में उल्लास, सौहार्द और उत्सव के माहौल में सम्पन्न हुआ। दीपों की जगमग रोशनी और संगीत की मधुर धुनों के बीच नगरवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पार्टी पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष तथा अनिल गोयल को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी बनाए जाने पर शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में चारों ओर दीपों की रौशनी और सम्मान का वातावरण छाया रहा।
दीपावली सकारात्मक ऊर्जा और सेवा का प्रतीक
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मक संकल्पों का संदेश देता है। मैं इस सम्मान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और उनकी टीम का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। हम सब मिलकर संगठन और समाज के लिए कार्य करेंगे और विकास की रोशनी को जन-जन तक पहुँचाएँगे।
जिम्मेदारी सम्मान के साथ सेवा का अवसर
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान और सेवा का अवसर है। इस भव्य स्वागत के लिए मैं नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा का विशेष धन्यवाद देता हूँ। मेरा संकल्प है कि हरिद्वार जिले के संगठन को और अधिक मजबूत कर, जनता के हित में योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँचाऊँ।
शिवालिक नगर को बनाएंगे आदर्श नगर
नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि दीपावली का संदेश अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ना हैं। मैं स्वामी यतीश्वरानंद और अनिल गोयल को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। हमारा संकल्प है कि शिवालिक नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाकर इसे आदर्श नगर के रूप में स्थापित करें।
पार्टी पदाधिकारियों और मंत्रियों ने दी शुभकामनाएँ
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। दीपावली हमें एकता और संगठन की भावना का संदेश देती है। राज्य मंत्री जयपाल चौहान ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। हमारा लक्ष्य है— समृद्ध समाज और सशक्त उत्तराखंड। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव और समाज निर्माण का पर्व है, और भाजपा सदैव समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दी शुभकामनाएँ
भव्य समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सभासदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा को उनके जन्म दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में दीपावली की शुभकामनाओं के साथ अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।