हरिद्वार
एचईसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए ‘ग्रैंड फ्रेशर–2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे इस समारोह ने कॉलेज परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कॉलेज के चेयरमैन संदीप चौधरी ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ नर्सिंग पेशे में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग क्षेत्र समाज की सबसे बड़ी ताकत है और आप सभी आने वाले समय में मानव सेवा की मिसाल बनेंगे। इस अवसर पर श्री एस. निकोलस ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें ‘मिस्टर एवं मिस फ्रेशर’ तथा ‘मिस्टर एवं मिस पर्सनैलिटी’ प्रमुख आकर्षण रहे। प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग, क्विज एवं रैम्प वॉक जैसे राउंड्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार पुलकित को ‘मिस्टर फ्रेशर’, सुनयना को ‘मिस फ्रेशर’, धीरज को ‘मिस्टर पर्सनैलिटी’ तथा अंशिका को ‘मिस पर्सनैलिटी’ घोषित किया गया। विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नर्सिंग पंचम सेमेस्टर की आरती पाल ने सोलो डांस से दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि हिमानी पाल, आरती पाल, आयुषी धीमान, जस्सी राठौर, जागृति ओबराय और शीतल ने ग्रुप डांस में शानदार तालमेल प्रस्तुत किया। तृतीय सेमेस्टर के आर्यन गुसांई, साक्षी मिश्रा और मीनाक्षी ने सोलो डांस से धमाल मचाया। आर्यन और आशीष की डांस जुगलबंदी ने खूब सराहना बटोरी। आयुष्मान शर्मा, आर्यन गुसांई, आशीष सिंह, प्रियंका, अनुष्का, खुशी, दीपा और शिवानी ने समूह नृत्य से समां बांध दिया।
प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंशिका, सुनयना और विशाखा ने सोलो डांस प्रस्तुत किया, जबकि अतुल, निवित, अन्नु और राधा ने मनमोहक नृत्य से सभी को प्रभावित किया। धीरज, आस, अंकित, विकास, हरीश, पुलकित, आसिफ, आवेश और साहिल के ग्रुप डांस ने माहौल को जोश से भर दिया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन नूपुर पांडेय और दीपक कुमार ने किया।
इस अवसर पर ललित जोशी, तारा सिंह, उमराव सिंह, तनुश्री, ख्याति शर्मा, रोहिणी जोशी, अंकिता कोठारी सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
एचईसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में ‘ग्रैंड फ्रेशर–2026’ की धूम, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा







