गुरुकुल कांगड़ी चरित्र निर्माण की शिक्षा देने वाला पहला विश्वविद्यालय: त्रिवेंद्र




Listen to this article

न्यूज 127.
उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार के सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय चरित्र निर्माण की शिक्षा देने वाला पहला विश्वविद्यालय है। विश्वविद्यालय में भारतीय संस्कृति को पल्लवित करने की शिक्षा प्रदान की जाती है। 100 वर्षों से यह काम यह विश्वविद्यालय कर रहा है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय सभागार में युवा महोत्सव प्रेरणा कार्यक्रम स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को जमीनी बनाने के लिए हमें संकल्प लेना होगा कि कचरे का प्रयोग बड़ी सावधानी के साथ करें। पर्यावरण को प्रदूषित करने में प्लास्टिक का योगदान किसी से छिपा नहीं है। जिस तरह से प्लास्टिक का बार-बार रीसाइक्लिंग करने पर नया रूप हो जाता है। इसलिए प्लास्टिक आत्मा की तरह अजर व अमर है। ओजोन की परत को कमजोर करने में प्लास्टिक काफी हानिकारक सिद्ध हो रही है। उपभोक्तावादी संस्कृति से छात्र एवं छात्राओं को बचना चाहिए। संस्कृति और सभ्यता का संरक्षण शिक्षण संस्थाओं की आभा होती है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य पदाधिकारियों ने परिसर में पौधारोपण किया। युवाओं को प्रेरित करने के लिए योगाभ्यास और स्वच्छता अभियान को शहर में संचालित करने के लिए नुक्कड नाटक भी आयोजित किए गए।