न्यूज 127.
मासूम बच्चों को पानी में डुबोकर मारने वाली साइको किलर लेडी जब पकड़ी गई तो उसने एक नहीं कई सनसनीखेज खुलासे किये। छोटी मासूम बच्चियों के अलावा वह अपने खुद के तीन साल के बेटे को पानी में डूबोकर मार चुकी है। पूछताछ में उसने स्वीकारा कि उसे सुंदर दिखने वाली बच्चियों से बेइंतहा नफरत थी। इसी नफरत में उसने हत्याएं कीं।
इस साइको किलर को पानीपत पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बीते एक दिसंबर को अपने जेठ की छह साल की बच्ची को टब में डुबोकर मार डाला। पूछताछ की तो पता चला कि उसने बीते दो साल 11 माह में चार बच्चों की हत्या की, जिनमें एक उसका अपना बेटा भी है, बाकी तीन उसकी भतीजियां हैं।
राजनीति शास्त्र में एमए पास है आरोपी किलर
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के मुताबिक गिरफ्तार महिला गोहाना के भावड़ गांव निवासी नवीन की पत्नी की पूनम है। उसकी उम्र 32 साल है। वह राजनीति शास्त्र में एमए है। पूनम व उसका परिवार एक दिसंबर को पानीपत के गांव नैल्था में सतपाल के बेटे अमन के शादी समारोह में आया था। शादी में नवीन का दूर का रिश्तेदार संदीप अपनी छह साल की बेटी विधि और पिता पाल सिंह के साथ आया हुआ था। शादी में जब महिलाएं बरात को विदा करने गईं तो अचानक विधि लापता हो गई। इस दौरान पूनम भी वहां नहीं दिखी।

टब में मिला विधि का शव
कुछ देर बाद विधि का शव घर पर ही एक टब में मिला। जिस कमरे में टब था वहां फर्श पर पानी बिखरा था और बाहर से कुंडी लगी थी। करीब एक फीट के छोटे टब में बच्ची डूबकर नहीं मर सकती। बच्ची के हाथ और पांव भी टब से बाहर थे। विधि के दादा पाल सिंह जो रिटायर्ड दरोगा हैं उन्होंने तुंरत पुलिस को बुलाया। पुलिस के बाद फॉरेंसिक टीम भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने वहां पूरी तहकीकात की और शादी में शामिल महिलाओं से भी बात की। शादी के वीडियो देखे। पुलिस को पता चला कि विधि और पूनम एक ही समय में गायब हुई। शक के आधार पर पुलिस ने पूनम से पूछताछ की तो कुछ ही देर में उसने सच उगल दिया।

सुंदर बच्ची देखकर आता है गुस्सा
आरोपी पूनम ने पुलिस को बताया कि उसे खुद नहीं पता कि सुंदर बच्ची देखकर उसे गुस्सा क्यों आता है। शादी से पहले ऐसा नहीं था। उसकी शादी 2019 में हुई थी। एक साल बाद बेटा हुआ। वह किसी भी बच्ची को देखकर उसकी तुलना अपने बेटे से करती थी। कोई बच्ची बेटे से ज्यादा सुंदर दिखती तो गुस्सा आता।
साइको किलर ने इनकी ली जान
पुलिस के मुताबिक पूनम ने बताया कि जनवरी 2023 में ननद पिंकी मायके में गोहाना के गांव भावड़ आई हुई थी। उसकी नौ साल की बेटी इशिका बहुत सुंदर थी। उसे देखकर चिढ़ होती थी। एक दिन घर में कोई और नहीं था। इशिका आंगन में खेल रही थी। उसे घर में ही एक गड्ढे में भरे पानी में डुबोकर मार दिया। पूनम ने बताया कि हत्या के दौरान ही उसका तीन साल का बेटा शुभम वहां आ गया। वह घटना का चश्मदीद था। राज खोल सकता था। इसी डर में उसे भी उसी गड्ढे में डुबो दिया।
चचेरे भाई की बेटी को भी डुबो कर मारा
आरोपी साइको किलर पूनम का मायका पानीपत के सिवाह गांव में है। ससुराल में भतीजी और बेटे की हत्या के बाद मायके में चचेरे भाई दीपक की छह साल की बेटी जिया की जान ली। यह घटना 19 अगस्त 2025 की बतायी गई है। जिया बहुत सुंदर थी। पूनम ने पुलिस को बताया कि जिया को देखते उसने ठान लिया था कि मौका मिलते ही उसे मार देगी। 19 अगस्त को जिया को पानी की हौद में डुबोकर मार दिया। किसी को शक नहीं हुआ।




