हरिद्वार नगर निगम का वृहद स्वच्छता अभियान, 12 टन अपशिष्ट एकत्रित








Listen to this article


हरिद्वार
कांवड़ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उपरांत धर्मनगरी हरिद्वार को पुनः स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम हरिद्वार द्वारा वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में चले इस अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनसहयोग की सशक्त मिसाल प्रस्तुत की।
चमगादड़ टापू में 8 टन कचरा एकत्रित
अभियान के तहत 16 फरवरी को चमगादड़ टापू क्षेत्र में विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शांतिकुंज के सहयोग से सेनेटरी इंस्पेक्टर धीरेन्द्र सेमवाल के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर श्रमदान किया गया। शांतिकुंज के लगभग 200 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कांवड़ यात्रियों द्वारा छोड़े गए अपशिष्ट को एकत्रित किया।
अभियान के दौरान क्षेत्र से कुल 8 टन कचरा एकत्रित किया गया, जिसे वैज्ञानिक विधि से निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह प्रयास गंगा तटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रोड़ी बेलवाला में युवाओं ने संभाली कमान
इसी क्रम में रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। यहां पतंजलि के 80 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने क्षेत्र में फैले अपशिष्ट को एकत्रित कर स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इस क्षेत्र से लगभग 4 टन कचरा एकत्रित कर निस्तारित किया गया। युवाओं की भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक संस्कार का विषय भी है।
“स्वच्छ हरिद्वार – स्वस्थ हरिद्वार” की ओर ठोस कदम
नगर निगम हरिद्वार ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों, सामाजिक संस्थाओं एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने इसे “स्वच्छ हरिद्वार – स्वस्थ हरिद्वार” की दिशा में एक सशक्त एवं सकारात्मक पहल बताया है।