HARIDWAR NAGAR NIGAM छठ पूजा पर स्वच्छ, सुंदर और भक्तिमय वातावरण में दिखेंगे हरिद्वार के गंगा घाट




Listen to this article

हरिद्वार नगर निगम ने छठ पूजा पर गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान की शुरूआत

हरिद्वार
आगामी छठ महापर्व के मद्देनज़र नगर निगम हरिद्वार ने शहरभर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु विशेष अभियान की शुरुआत की है। नगर निगम प्रशासन श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुट गया है। इसी क्रम में शनिवार को निगम अधिकारियों ने घाटों का व्यापक निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।

नगर निगम अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
शनिवार को उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी एवं सहायक नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल ने नगर क्षेत्र के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की सफाई व्यवस्था, अपशिष्ट निस्तारण प्रणाली और श्रमिकों की तैनाती की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि छठ पर्व तक घाटों पर निरंतर सफाई एवं निगरानी कार्य जारी रहे।

नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर बनी निगरानी व्यवस्था
नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) के निर्देशन में नगर क्षेत्र को विभिन्न जोनों में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र के लिए मुख्य सफाई निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के घाटों की सफाई, अपशिष्ट निस्तारण, गारबेज बैग की उपलब्धता और वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखेंगे।

इनके कंधों पर सफाई की जिम्मेदारी
रोड़ीबेलवाला क्षेत्र: मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह नोडल अधिकारी
मायापुर क्षेत्र: मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा नोडल अधिकारी
कनखल क्षेत्र: मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत नोडल अधिकारी
भूपतवाला क्षेत्र: मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार नोडल अधिकारी
ज्वालापुर क्षेत्र: मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार नोडल अधिकारी

पर्यावरण अनुकूल सफाई पर विशेष जोर
नगर निगम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घाटों पर कम्पोस्टेबल गारबेज बैग का ही उपयोग किया जाएगा ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। साथ ही अपशिष्ट पृथक्करण प्रणाली को लागू करने और वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित रखने पर भी बल दिया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सफाई कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कर्मियों की कार्यप्रणाली पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो। निगम ने सभी वार्डों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जिससे पूरे शहर में स्वच्छता का वातावरण बना रहे।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि—

“छठ पूजा हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।”
नगर निगम प्रशासन के इस अभियान से उम्मीद की जा रही है कि छठ पर्व के दौरान हरिद्वार के घाट पहले से अधिक स्वच्छ, सुंदर और भक्तिमय वातावरण में दिखाई देंगे।