न्यूज 127. दीपक चौहान
गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप गुरूवार को हरिद्वार पहुंचे। यहां पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने हरकी पैडी पर गंगा पूजा की। उसके बाद श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। यहां से वह रोशनाबाद गए जहां उन्होंने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
आईजी राजीव स्वरूप को एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जनपद की पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी। जनपद में क्राइम और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से जानकारी लेने के बाद आईजी ने जरूरी दिशा निर्देश दिये। अधिकारियों को महिला सुरक्षा को लेकर अधिक ध्यान देने के लिए कहा। बैठक में उन्होंनें मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक गति के साथ चलाने के निर्देश दिये। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देवभूमि के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री विजन को साकार करने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद हरिद्वार में पुलिस अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं लेकिन अभी और सुधार की जरूरत है, कुछ चुनौतियां है उनका सामना करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना है। ड्रग्स माफियों पर शिकंजा कसने के लिए उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। ड्रग्य माफियाओं की संपत्ति भी चिन्हित की जा रही है, अवैध रूप से कमाकर बनायी गई उनकी संपत्ति को जब्त किया जा रहा है। हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में निर्देश दिये गए हैं।
उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान और गंभीरता से चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी के मौसम में अपराधिक वारदातें होने का अंदेशा अधिक रहता है, इसीलिए वहां भी सत्यापन और चेकिंग अभियान गंभीरता से चलाने के निर्देश दिये गए हैं। शहरी क्षेत्रों में जहां किरायेदार अधिक हैं वहां अभियान जारी रखा जाएगा।