हरिद्वार पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को किया ​गिरफ्तार








Listen to this article

हरिद्वार।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है और अपहरण व दुष्कर्म के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को (काल्पनिक नाम) रोशन की तहरीर पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपित अभिषेक पुत्र नेत्रपाल, निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार ने 11 मार्च को उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर अपहरण कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को बालिका की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने आरोपी के परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की, संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही व्हाट्सएप, डीसीआरबी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भी जानकारी जुटाई गई। कड़ी सुरागरसी और लगातार प्रयासों के पुलिस टीम ने नामजद आरोपी अभिषेक पुत्र नेत्रपाल को दबोच लिया और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार बालिका को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। आरोपित का नाम पता अभिषेक पुत्र नेत्रपाल, निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।