हरिद्वार।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। ज्वालापुर क्षेत्र में महिला को सम्मोहित कर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी किए गए सामान का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी, कोतवाली ज्वालापुर निवासी एक महिला ने थाना ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे सम्मोहित कर 50 हजार रुपये की नकदी और कान के कुंडल उतरवा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ज्वालापुर पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के निर्देशन में चौकी रेल प्रभारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद को लालपुर ज्वालापुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो टॉप्स और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को पैसे और सोना डबल करने का झांसा देकर उन्हें सम्मोहित कर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। वह एक बार फिर ठगी की घटना को अंजाम देने के इरादे से गाजियाबाद से हरिद्वार आया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जमशेद पुत्र गफ्फार मूल रूप से ग्राम पिपलेड़ा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हरिद्वार पुलिस ने सम्मोहित कर ठगी करने वाले शातिर ठग को दबोचा




