हरिद्वार.
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी सात दिवसीय जनपद स्तरीय मौसम चेतावनी के तहत हरिद्वार जनपद के मैदानी क्षेत्रों में 31 दिसंबर को घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
वर्तमान शीतकालीन आपदा की स्थिति और छात्रों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। प्रभारी जिलाधिकारी हरिद्वार ने जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्ध-शासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12 तक की कक्षाएं तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 31 दिसंबर 2025 को बंद रहेंगे। इस दिन सभी छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के शिशुओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समस्त तहसीलें और संबंधित विभाग आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। यदि किसी विद्यालय या विभाग द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है तो उनके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।





