डीएवी में अभिविन्यास कार्यक्रम की अनूठी पहल से बच्चों का सर्वागीण शैक्षणिक विकास








Listen to this article

देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके अभिभावकों को विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराने हेतु अभिविन्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की
प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने दीप प्रज्वलन के साथ किया । इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।


अपने संबोधन में प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए अध्यापिकाओं का परिचय कराया तथा विद्यालय की कार्यप्रणाली, नियमों एवं अनुशासन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की वैदिक परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के समग्र विकास में विद्यालय और परिवार की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि दोनों के बीच समन्वय बना रहे तो बच्चों का बौद्धिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास बेहतर ढंग से संभव हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय व्यतीत करें तथा उनके प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक दृष्टिकोण बनाए रखें।


कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को यह भी समझाया गया कि वर्तमान समय में बच्चों को अनावश्यक मोबाइल उपयोग से दूर रखना बेहद आवश्यक है। प्रधानाचार्या ने अभिभावकों को स्वयं भी अपने स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखने की सलाह दी और कहा कि बच्चे अपने अभिभावकों के व्यवहार से ही सीखते हैं। ऐसे में अभिभावकों का अनुकरणीय आचरण ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।
अभिविन्यास कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए और इस पहल को बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।