गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश टोली बैठक में दिया संगठन मजबूती का मंत्र








Listen to this article


हरिद्वार
केंद्रीय गृह मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित टोली बैठक में संगठन की मजबूती और विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत का मंत्र दिया। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
शनिवार को हरिद्वार के होटल गॉडविन में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश टोली बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि चुनावी वर्ष को देखते हुए अमित शाह ने प्रदेश नेतृत्व और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को कार्यकर्ताओं की संतुष्टि पर विशेष ध्यान देना होगा और संगठन के विस्तार को प्राथमिकता देनी होगी, ताकि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान की दिशा में कार्य करें।
बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बूथ और मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों तथा विभागों की इकाइयों का शीघ्र गठन करने का निर्णय लिया गया। इससे संगठन की सक्रियता और प्रभावशीलता को और बढ़ाया जाएगा तथा पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत आधार मिलेगा।
इसके अतिरिक्त बैठक में शीघ्र शुरू होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान बीएलए-2 की नियुक्ति का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि मतदाता सूची के आधार पर चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी से ही चुनावी सफलता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी सांसद और विधायक आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच जाएं। वे जनता की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान का प्रयास करें, जिससे संगठन और सरकार के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित उनके कैबिनेट सहयोगी मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, सांसद एवं राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, सांसद अजय भट्ट तथा सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह भी बैठक में उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित भाजपा के सातों मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे।