हरिद्वार।
शहरी क्षेत्र में अनियोजित विकास और अवैध निर्माणों पर लगाम कसने के लिए हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया गया है। इसी क्रम में 02 जनवरी 2026 को प्राधिकरण की टीम ने हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में अवैध व्यवसायिक निर्माण एवं अनाधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

पुरुषोत्तम विहार, कनखल हरिद्वार में धर्मपाल सिंह द्वारा लगभग 45×45 फीट क्षेत्रफल में भूतल, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तल पर किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को प्राधिकरण की टीम द्वारा सील किया गया। इसके साथ ही कनखल क्षेत्र में छोटी नहर के किनारे, हरे राम आश्रम के समीप ग्रुप हाउसिंग के सामने लगभग 130×50 फीट क्षेत्र में भूतल एवं प्रथम तल पर किए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया।
वहीं रामपुर रुड़की क्षेत्र में नगर पंचायत के समीप अब्दुल मलिक द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा भूमि में विकसित की जा रही अनाधिकृत प्लाटिंग पर प्राधिकरण की शाखा कार्यालय रुड़की की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से विकसित की जा रही सड़कों एवं संरचनाओं को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थल पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को कड़े निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माण पाए जाने पर इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अभियान से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।




