मुख्यमंत्री पुष्कर धामी बिजली, पानी, सड़क की समस्याएं सुलझायेंगे तो जिलों में साहब आराम फरमायेंगे




Listen to this article


न्यूज127
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनता दरबार में बिजली, पानी, सड़क और अतिक्रमण और जमीनों से जुड़े मामलों के आने से प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा है। अगर मूलभू​त सुविधाओं की समस्याएं भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुलझायेंगे तो क्षेत्रीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी किस काम आयेंगे। सवाल बहुत गंभीर है। मुख्यमंत्री को प्रदेश का नेतृत्व करते हुए दूरदर्शी सोच के साथ विकास की पटकथा लिखनी होती है। मुख्यमंत्री के काम इतिहास बनाते है। जिससे भविष्य की नींव को मजबूती मिलती है। लेकिन उत्तराखंड में तो उलटी गंगा बह रही है। यहां जिला प्रशासन स्तर की समस्याओं को मुख्यमंत्री के दरबार में रखा और सुना जा रहा है।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को यथा शीघ्र समाधान के निर्देशित दिए।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं क्षेत्रीय समस्याएं रखी। मुख्यमंत्री ने सभी प्रकरणों पर अधिकारियों को यथाशीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के समक्ष लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, अतिक्रमण, जमीन से जुड़े मामले, आर्थिक सहायता और अन्य समस्याएं रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जन सेवा ही लक्ष्य को प्राथमिकता में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।