सेवानिवृत्त हुए आईजी एन.एस. नपलच्याल व डीएसपी नवीन चन्द्र सेमवाल








Listen to this article

देहरादून।
अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड देहरादून स्थित सभागार में पुलिस महानिरीक्षक एन.एस. नपलच्याल एवं पुलिस उपाधीक्षक नवीन चन्द्र सेमवाल के सम्मान में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह भावनात्मक वातावरण और सम्मानपूर्ण गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


समारोह के दौरान वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों की दीर्घ, निष्कलंक एवं गौरवशाली सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में विभागीय मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए उत्तराखण्ड पुलिस की छवि को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्येक दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और गरिमा के साथ निभाया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को मिलता रहेगा। डीजीपी ने उत्तराखण्ड पुलिस परिवार की ओर से दोनों अधिकारियों के समर्पित सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में एन.एस. नपलच्याल एवं नवीन चन्द्र सेमवाल ने भी विभागीय अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहयोग, विश्वास और टीम भावना के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। पुलिस महानिदेशक द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

सेवा विवरण — एन.एस. नपलच्याल
एन.एस. नपलच्याल का चयन वर्ष 1995 में प्रांतीय पुलिस सेवा में हुआ। उन्होंने उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, नैनीताल, मेरठ तथा पीटीसी मुरादाबाद सहित अनेक महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दीं। भारतीय पुलिस सेवा में इंडक्शन के पश्चात् उन्होंने वर्ष 2012-13 में संयुक्त राष्ट्र मिशन, सूडान में भी सेवाएं प्रदान कीं। वर्ष 2019 में पुलिस उप महानिरीक्षक तथा वर्ष 2023 में पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदोन्नति के उपरान्त उन्होंने फायर, प्रशिक्षण, सीआईडी एवं निदेशक यातायात जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्हें भारत सरकार द्वारा वर्ष 2013 में संयुक्त राष्ट्र मेडल, वर्ष 2019 में राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक तथा वर्ष 2025 में राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
सेवा विवरण — नवीन चन्द्र सेमवाल
नवीन चन्द्र सेमवाल ने वर्ष 1985 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद से सेवाकाल प्रारम्भ किया। वे वर्ष 1998 में उप निरीक्षक, 2016 में निरीक्षक तथा 2024 में पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने नैनीताल, मेरठ, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार एवं पुलिस मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। भारत सरकार द्वारा उन्हें वर्ष 2025 में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को उत्तराखण्ड पुलिस के लिए प्रेरणास्रोत बताया।