अवैध पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी में पनीर-दही के सैंपल








Listen to this article


हरिद्वार
महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सामग्री में मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद भर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कुल 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और वैधता की जांच की।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी ने बताया कि देर रात्रि उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की संयुक्त टीम द्वारा इब्राहिमपुर स्थित पनीर एवं दही निर्माण इकाई (पुंडीर फैक्ट्री) पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त इकाई बिना वैध फूड लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। साथ ही मौके पर आवश्यक एवं अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेशों तक तत्काल बंद करा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से पनीर एवं दही के दो नमूने संग्रहित कर जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पथरी थाना की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आगे बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए कांवड़ पटरी मार्ग पर चंडी पुल से चिड़ियापुर तक स्थित अस्थाई खाद्य स्टॉलों एवं भंडारों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित संचालकों को कूड़े का उचित निस्तारण करने, रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से चस्पा करने तथा अनिवार्य रूप से खाद्य पंजीकरण/लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो गोदामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माजा एवं फेंटा कोल्ड ड्रिंक के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के संबंध में दोनों गोदाम स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में स्थित अस्थाई एवं स्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 12 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें तीन प्रतिष्ठानों के पास फूड लाइसेंस नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। एक रेस्टोरेंट में 6 कोल्ड ड्रिंक्स एक्सपायरी डेट की पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगे भी ऐसे सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की मिलावट या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।