नवीन चौहान, हरिद्वार। अवैध संबंधों के चलते व्यक्ति की हत्या करने की दिशा में पुलिस की जांच आगे बढ़ गई है। हत्या करने के बाद शव को काली नदी के पास एक खेत में फेंका गया था। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थतियों में बरामद शव की शिनाख्त कराई। प्रथमदृष्टया पुलिस ने केस को हत्या मानकर पड़ताल की। पुलिस तफ्तीश में पुलिस को अवैध संबंधों के होने की अहम जानकारी मिल रही है। पुलिस इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
22 जनवरी 2018 की सुबह करीब 11 बजे भगवानपुर पुलिस को काली नदी के पास एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव एक 35 साल के व्यक्ति का था। मृतक की जेब की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ। जबकि घटनास्थल पर मृतक के सिर के पिछले हिस्से में किसी वस्तु से चोट का निशान मिला। खून बह रहा था। मृतक की शिनाख्त प्रवीण राणा निवासी दिल्ली के रूप में हुई। प्रवीण भगवानपुर में एक कांपलेक्स में कास्मेटिक की दुकान चलाता था। हत्या की सूचना पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा मौके पर पहुचे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया केस को हत्या मानकर तफ्तीश शुरू कर दी। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल को खंगाला गया। तो पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे। प्रवीण शादी शुदा था तथा एक बच्चे का पिता था। इसके बावजूद उसके किसी दूसरी महिला से बातचीत होने की जानकारी पुलिस को मिली है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि अभी तक की तफ्तीश में प्रवीण के किसी दूसरी महिला से संबंध होने की बात निकलकर सामने आ रही है। संभावना है कि अवैध संबंधों के चलते हत्या कराई गई हो। पुलिस महिला और हत्या को अंजाम देने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अवैध संबंधों के चलते की गई हत्या, जानिए पूरी खबर



