जेल से फरार 50 हजार का ईनामी हत्यारा जरनैल सिंह गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127.
सितारगंज जेल से फरार हुए 50 हजार के ईनामी जरनैल सिंह को उत्तराखंड की एसटीएफ पुलिस ने थाना सितारगंज पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने वर्ष 1995 में थाना नानकमत्ता क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके मुकदमे में वह सितारगंज जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। 27 अगस्त 2023 में वह सेन्ट्रल जेल सितारगंज से फरार हो गया था।
पुलिस महानिदेशक,उत्तराखण्ड, दीपम सेठ द्वारा उत्तराखण्ड राज्य में जघन्य अपराधों में लम्बे समय से वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर को विशेष रूप से निर्देशित किया गया। उक्त निर्देश के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत सिंह द्वारा पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ आर0बी0 चमोला के निकट पर्यवेक्षण में एक टीम का गठन कर उपरोक्त लम्बे समय से फरार अपराधी की गिरफ्तारी हेतु उचित दिशा-निर्देश दिये गये। इसी क्रम में एसटीएफ की कुमायूँ युनिट द्वारा थाना सितारगंज जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस को साथ लेकर परसों 07 फरवरी देर रात्रि थाना सितारगंज जनपद ऊधमसिंह नगर के 50 हजार के ईनामी हत्यारे जरनैल सिंह पुत्र बंजारा सिंह निवासी ग्राम बिचई नानकमत्ता को सुदूर राजस्थान के फलोदी जनपद से गिरफ्तार किया है, जोकि वर्ष 2023 में सेन्ट्रल जेल सितारगंज से फरार हो गया था।
पकड़े गए ईनामी की गिरफ्तारी के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ की गठित टीम द्वारा प्राप्त तकनीकी तथा भौतिक सूचनाओं का विश्लेषण करते हुये अपने अथक प्रयास से उक्त अपराधी की पहचान स्थापित की फिर टीम के द्वारा राजस्थान से उसकी गिरफ्तारी की गयी। एसटीएफ की इस कार्यवाही में हे0का0 मोहित वर्मा, हे0का0 किशोर कुमार व सर्विलांस में किशन चन्द्र की विशेष भूमिका रही।