गली मौहल्ले में दादागिरी करने वाले गुंडों को जिला बदर करेंगी पुलिस




Listen to this article

हरिद्वार। एडीजी प्रशासन कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि पेशेवर अपराधियों पर शिकंजा कसा जायेगा। गली मौहल्ले में दादागिरी, महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वाले असामाजिक तत्वों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर जिला बदर किया जायेगा। हिस्ट्रीशीटरों की थानों में परेड कराई जाये। अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा किया जाये। सीपीयू को भी चालान की संख्या बढ़ाने की बजाय यातायात व्यवस्था में सुधार करना होगा। स्कूलों के बाहर हाईवे पर पैट्रोलिंग करनी होगी। पुलिस की लापरवाही पाई गई तो उनको हटाकर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रुम में एडीजी अशोक कुमार ने जनपद के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुये अशोक कुमार ने बताया कि जनपद पुलिस को कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिये गये है। हरिद्वार संवेदनशील जनपद है। इसी के चलते हरिद्वार पुलिस को सदैव चौकन्ना रहना चाहिये। पुलिस चेकिंग और रात्रि गश्त नियमित तौर पर होनी चाहिये। पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाये। पेशेवर अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाई जाये। अगर पेशेवर अपराधी जमानत पर बाहर है तो उनपर नजर बनाई रखी जाये। अपराधियों के जमानतियों पर नजर रखी जाये। नये अपराधियों की हिस्ट्रीशीट बनाई जाये। पुराने हिस्ट्रीशीटरों की थानों में परेड़ कराई जाये। इसी के साथ गली मौहल्ले और स्कूलों के बाहर जाकर चेकिंग करनी चाहिये। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले अपराधी तत्वों तत्काल गिरफ्तार किया जाये। उनके खिलाफ गुंडाएक्ट और जिला बदर की कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य असामाजिक तत्वों पर नजर बनाकर रखना है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेजे। इसी के साथ सीपीयू संबंध में बताया कि सीपीयू का मकसद चालान करना नहीं है। सीपीयू को ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करना है। स्कूलों के बाहर पैट्रोलिंग की जाये। दो पहिया, चार पहिया वाहनों के कागजात और स्पीड पर नियंत्रित किया जाये। बैठक में एसएसपी कृष्ण कुमार वीके,एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ सिटी प्रकाश चंद्र देवली, सीओ कनखल जेपी जुयाल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के तमाम पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

अवैध धंधों पर रहेगी खाकी की पैनी नजर
हरिद्वार। एडीजी कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने जनपद पुलिस को उनका कर्तव्य बोध का अहसास कराया है। उन्होंने कहा कि जनता को कोई समस्या ना हो इसके लिये पुलिस को पूरी तरह से सजग रहना होगा। जनपद में चलने वाले तमाम अवैध धंधों की सूची पुलिस को तैयार करनी होगी। इन सभी के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी होगी। आखिरकार गलती चाहे पीड़ित की भी तब भी समस्या का निदान पुलिस को ही करना होता है।
धर्मनगरी के किट्टी प्रकरण के बाद जनपद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। जनपद में होने वाले तमाम अवैध धंधों पर पुलिस को नजर रखनी होगी। गुरुवार को एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि किट्टी प्रकरण में पुलिस पीड़ितों को इंसाफ दिलाने का पूरा प्रयास कर रही है। अपराधियों को जेल भेज दिया गया है। इसी के साथ पुलिस को अवैध कृत्यों पर नजर बनाकर रखने के निर्देश दिये गये है। जनपद में कोई गैर कानूनी तरीके से काम करता है तो पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

एसपी सिटी बनायेगी संचार तंत्र को बेहतर
हरिद्वार। पुलिस के संचार तंत्र को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने एसपी सिटी हरिद्वार ममता बोहरा को सौंप दी है। पुलिस व्यवस्था का सबसे मजबूत और बेहतर तंत्र 100 नंबर अच्छे से कार्य करे इसके लिये एसपी सिटी कार्य करेंगी। लेकिन आपको बताते चले कि समाचार लिखे जाने तक पुलिस कंट्रोल रुम का 100 नंबर अभी भी लखनऊ पुलिस कंट्रोल रुम में ही जाकर मिल रहा है। ये समस्या कई महीनों से चल रही है।
जनता को शिकायत है कि हरिद्वार पुलिस कंट्रोल रुम का 100 नंबर कई महीनों से दिक्कत पैदा कर रहा है। जनता जब 100 नंबर पर फोन लगाती है तो वह देहरादून अथवा यूपी के लखनऊ में पुलिस कंट्रोल रुम में लग जाता है। जिसके चलते हरिद्वार पुलिस को सही तरीके से सूचना नहीं मिल पाती है। इस समस्या से निजात दिलाने और 100 नंबर की व्यवस्था बनाने की बात उठ रही थी। जब न्यूज 127 डॉट कॉम ने पुलिस के 100 नंबर की स्थिति के बारे में एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार से सवाल पूछा तो उन्होंने इसको बेहतर बनाने के लिये एसपी सिटी ममता बोहरा को जिम्मेदारी तय कर दी। उन्होंने कहा कि संचार तंत्र को बेहतर और दुरस्त कर दिया जायेगा। वही जब जब न्यूज127 डॉट कॉम ने 100 नंबर की पड़ताल करने के लिये फोन किया तो वह लखनऊ पुलिस कंट्रोल रुम में मिल गया। अब ऐसी स्थिति में ममता बोहरा की चुनौती बढ़ गई है। पुलिस के संचार तंत्र को बेहतर बनाने का कार्य कठिन है। संचार माध्यम सेटेलाइट से चलता है। जिसमें मौसम का प्रभाव भी रहता है।

अपराधियों की संपत्ति पुलिस करेगी कुर्क
हरिद्वार। एडीजी अशोक कुमार ने कहा कि अपराध के तरीके से कमाई गई संपत्ति को पुलिस कुर्क करेगी। पुलिस की एक टीम इस पर कार्य करेगी। जिन अपराधियों ने गलत तरीके से संपत्ति जुटाई है पुलिस इन संपत्ति का ब्यौरा जुटायेगी। ऐसी तमाम संपत्तियों को सरकार में निहित कराने का कार्य करेगी।

एसएसपी के पीआरओ पहले टेस्ट में फेल
हरिद्वार। जनपद पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में मीडिया की कम संख्या देखकर एडीजी अशोक कुमार का पारा चढ़ गया। उन्होंने एसएसपी के पीआरओ को पहली नजर में ही फेल साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि तुम टेस्ट में फेल हो गये हो। उन्होंने कहा कि पीआरओ को मीडिया से संबंध बनाकर रखना चाहिये। इसी के साथ उन्होंने पीआरओ को पूरी समीक्षा बैठक का डाफ्ट तैयार करके दिखाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो बोला जा रहा है उसे नोट करना। फिर मेरे को भेजना। फोटो भी साथ में भेजने है। इस बात को सुनने के बाद पीआरओ ब्रीफिंग को नोट करने में लग गये।