न्यूज 127. दीपक चौहान
केदारनाथ उप चुनाव में भाजपा को बाबा केदार का आशीर्वाद मिलने जा रहा है। जबकि कांग्रेस को निराशा हाथ लग रही है। केदारनाथ उप चुनाव में मतगणना के बाद शुरूआती राउंड में गिनती सामने आने के बाद भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नजर आ रही है।
बदरीनाथ और मंगलौर उप चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद केदारनाथ चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया था। जिसके चलते भाजपा केदारनाथ उप चुनाव को पूरी संजीदगी से लड़ने के लिए मैदान में उतरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव जीतने को लेकर पूरी रणनीति बनाई। स्टार प्रचारकों की फौज को मैदान में उतारा। मतदाताओं का मन टटोलने के लिए भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-एक मतदाता के घरों पर डेरा डाल कर रखा। स्वर्गीय शैला रानी की सुपुत्री ऐश्वर्या रावत को टिकट नही मिलने से हुई नाराजगी को ड्रैमेज कंट्रोल किया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटट ने अपने राजनैतिक अनुभव की पूरी ताकत झोंक दी। केदारनाथ उप चुनाव में भाजपा संगठन की पूरी फौज एक युद्ध जीतने के लिए संघर्ष करती दिखाई दी।
अब आज जब मतगणना हो रही है, तब परिणाम भी सामने आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल पहले राउंड से ही लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। आठवें राउंड की गिनती सामने आने के बाद वह 3141 वोटों से आगे चल रही हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत की तमाम कोशिशे विफल साबित होती दिखाई पड़ रही है।
Kedarnath by-election: केदार बाबा का आशा को मिल रहा आशीर्वाद, मनोज हो रहे निराश


