न्यूज 127. हरिद्वार।
मायादेवी मंदिर पार्किंग क्षेत्र में हुई अज्ञात व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बीती 25 मार्च को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि मायादेवी मंदिर पार्किंग में दो लोगों के बीच झगड़ा हो रहा है और एक युवक दूसरे के सिर पर पत्थर से वार कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। पुलिस टीम घायल को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। ऐसे में पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराते हुए स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाते हुए ललतारौ पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर थाना मैनाढेर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश), उम्र करीब 20 वर्ष बताया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी और पेड़ के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान मृतक ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। कई बार मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना तो आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसका चालान कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या की घटना का 8 घंटे में किया खुलासा




