कुम्भ मेला 2021 में हुई अनूठी पहल, कांग्रेस सेवादल और आरएसएस आए एक साथ




Listen to this article

नवीन चौहान.
कुम्भ मेले में आने वाले लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं के आस्थावान सैलाब को संभालने के लिए हजारों पुलिस के जवानों के साथ अलग-अलग सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के स्वयंसेवक भी अपनी-अपनी सेवाएं देते हैं। इस बार भी पुलिस और अन्य प्रशासनिक संगठनों के अलावा सामाजिक संगठन भी अपने सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन इस बार के कुंभ में एक अनूठी पहल ये हुई ​​है कि आरएसएस और कांग्रेस सेवादल अलग अलग विचार धारा के होते हुए भी एक साथ आए हैं।
इस बार उत्तराखंड पुलिस के आग्रह पर ये दोनों ही संगठन आरएसएस और कांग्रेस सेवादल कुम्भ 2021 के सकुशल, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन में सहभागी बनने के लिए एक साथ आये हैं। दोनों ही संगठनों के पदाधिकारियों के द्वारा कुम्भ मेला पुलिस को आश्वस्त किया गया है कि वे सनातन संस्कृति के सबसे बड़े पर्व कुम्भ मेला 2021 को सकुशल, सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के लिए एक दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवाभाव से काये करने के लिए तैयार हैं। दोनो ही संगठन अपने हजारों स्वयंसेवकों को कुम्भ मेला पुलिस के दिशा-निर्देशन में ड्यूटी पर लगाएंगे। उत्तराखंड पुलिस की इस पहल को लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
कुंभ में इस बार भी NSS, NCC, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, व्यापार मंडल, वैदिक कन्या गुरुकुल, भारत सेवाश्रम संघ, पतंजलि योगपीठ द्वारा हजारों स्वयंसेवक को कुम्भ मेला पुलिस के आग्रह पर कुम्भ मेला व्यवस्थाओं में सहयोग कराने के लिए नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अन्य धर्मों के संगठनों जैसे गुर्जर विस्थापन समिति, ज्वालापुर कस्सावान के द्वारा भी यातायात व्यवस्था में सहयोग किये जाने की पेशकश की है।