फर्जी फौजी बनकर जमीन का फर्जीवाड़ा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127.
थाना रानीपोखरी पुलिस ने जमीन के फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा करते हुए एक 80 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि लापता फौजी हुक्म सिंह के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।
थाना रानीपोखरी में वादी राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम मादसी गडूल की तहरीर पर 4 मार्च 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा संख्या 22/2025 धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि के अंतर्गत भूपेन्द्र सिंह, तिलक सिंह (दोनों निवासी धौलास, विकासनगर) व सुरेश (निवासी सहारनपुर) के खिलाफ पंजीकृत हुआ था।
जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2007 में भूपेन्द्र सिंह ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर लापता फौजी हुक्म सिंह के नाम पर जाली विक्रय विलेख तैयार किया था। इस धोखाधड़ी में कथित फौजी बनकर हस्ताक्षर और फोटो लगाने वाला व्यक्ति बलवंत सिंह पुत्र स्व. इन्द्र सिंह निवासी ग्राम धौलास, थाना प्रेमनगर, पाया गया। पुलिस जांच में परिजनों, ग्रामवासियों और आधार कार्ड व फोटो एलबम से भी उसकी पहचान की पुष्टि हुई।
मामले में धारा 419 भादवि की बढ़ोतरी की गई और आरोपी बलवंत सिंह को 2 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जबकि अन्य आरोपी भूपेन्द्र व तिलक ने उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्टे लिया हुआ है और आरोपी सुरेश अभी तक फरार चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विकेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल दुष्यंत, कर्मजीत और सरकारी चालक चैनपाल शामिल रहे।