प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिये प्रेमी बना लुटेरा, जानिए पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान,

हरिद्वार। प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिये दीपक उर्फ बिल्ला लुटेरा बन गया। बिल्ला एटीएम लूट के मास्टर माइंड सुखविंदर का पड़ोसी है। सुखविंदर ने ही बिल्ला को लूट का प्लान बताया। जिसके बाद बिल्ला ने बाइक चलाई और सुखविंदर उसके पीछे बैठकर रूड़की में एटीएम के सुरक्षा गार्ड को गोली मारकर 25 लाख की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये। लूटी गई रकम से बिल्ला ने प्रेमिका को मंहगे गिफ्ट भी दे दिये। लेकिन अपराधी कितना भी शातिर क्यो ना हो पुलिस के हाथ अपराधी की गर्दन तक पहुंच ही जाते है। ऐसा ही इस केस में भी हुआ। हरिद्वार पुलिस पूरी मुस्तैदी दिखाते हुये शातिर बदमाशों तक पहुंच गई। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सुखविंदर को गिरफ्तार किया। जिसके बाद अब उसके साथी बिल्ला को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

सीओ रूड़की स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को हुई एटीएम लूट की सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहा सुखविंदर का साथी बिल्ला को रूड़की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिल्ला से लूटी गई रकम से करीब ढाई लाख की नकदी बरामद की गई है। बिल्ला उर्फ दीपक पुत्र प्रदीप कुमार निवासी जवाहर नगर कैंप लुधियाना पंजाब ने पुलिस को चौकाने वाले खुलासे किये है। बिल्ला ने पुलिस को बताया कि वह बीए पास है। घर के आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के चलते एक बार में शराब परोसने का कार्य करता है। बिल्ला की आर्थिक हालातों से सुखविंदर पूरी तरह परिचित था। सुखविंदर ने बिल्ला को काम दिलाने का भरोसा दिया। सुखविंदर ने कहा कि तुमको सिर्फ बाइक चलानी है। बाइक चलाने के लिये बिल्ला को तीन लाख की रकम देने का सौंदा तय हो गया। जिसके बाद बिल्ला को घटनास्थल को दिखाया गया। लूट की वारदात के दौरान बिल्ला हेलमेट लगाकर बाइक चला रहा था। जबकि उसके पीछे सुखविंदर भी हेलमेट लगाकर बैठा था। सुखविंदर ने ही सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाई थी। लूटी गई रकम से तीन लाख रूपया लेकर वह पंजाब चला गया। वहां अपनी प्रेमिका को मंहगे गिफ्ट दिलाये और मस्ती से रहने लगा। लेकिन सुखविंदर की गिरफ्तारी की खबर जानने के बाद वह घबराने लगा था। उसको गिरफ्तारी का डर सता रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसके डर को सच में तब्दील कर दिखाया। फिलहाल बिल्ला हरिद्वार जेल पहुंच गया है।

लूट की घटना का इस प्रकार हुआ खुलासा
सात अप्रैल को बीएसएम चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने एक्सिस बैंक के एटीएम के सुरक्षा गार्ड को गोली मारकर घायल कर दिया था। बदमाश करीब 25 लाख की नगदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सुरक्षा कम्पनी के कस्टोडियन वीरेन्द्र सिंह रावत की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर लिया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी देहात मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में टीम गठित की। जिसकी कमान रूड़की सीओ स्वप्न किशोर सिंह को दी गई। तेज तर्रार पुलिस अधिकारियों की टीम ने बदमाशों की सुरागरसी के लिये मैनुअल वर्क किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कैमरे खंगाले और सर्विलांस की मदद से मोबाइल नम्बर की पड़ताल शुरू की गई। पुलिस को बदमाशों के फोटो सीसीटीवी फुटेज में मिल गए। जिसके बाद पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास करने लगी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी चिन्हित की। उक्त स्कूटी राजेन्द्र वर्मा ऊर्फ मिंटू पुत्र बूलचन्द्र निवासी मौहल्ला शिव विहार, कस्बा थाना झबरेडा के रूप में हुई। पुलिस ने राजेन्द्र को हिरासत में ले लिया और सख्ती से पूछताछ की। राजेन्द्र ने बताया कि उसका दोस्त अमित तलवार पुत्र विनोद निवासी रायपुर थाना भगवानपुर है। जिसने कुछ समय पूर्व लुधियाना पंजाब के शातिर अपराधी सुखविंदर सिंह उर्फ मौनी पुत्र गुरुदेव सिंह निवासी लेबर कालोनी धूस मौहल्ला भारत नगर चौक, लुधियाना पंजाब से पहचान कराई थी। जिसके बाद अमित, सुखविंदर और उसने मिलकर लूट की योजना बनाई। सुखविंदर ने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने एक साथी बिल्ला निवासी लुधियाना को भी बुला लिया। इन्हें राजेन्द्र उर्फ मिंटू द्वारा लूट करने के लिए बाइक उपलब्ध कराई गई। राजेन्द्र ने बताया कि 20 अप्रैल को सुखविंदर एक बार फिर रूड़की आ रहा है। इस जानकारी के मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने पुलिस टीम को सुखविंदर की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट कर दिया। तमाम स्थानों पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस ने पनियाला लाठरदेवा शेख तिराहे पर सुखविंदर की पहचान कर ली। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो सुखविंदर ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी फायर में पुलिस की एक गोली सुखविंदर की टांग में जा लगी। घायल सुखविंदर को पुलिस ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सुखविंदर और उसके साथियों की निशानदेही पर नगदी व लूट में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। पुलिस ने राजेन्द्र, अमित और सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सुखविंदर के साथी बिल्ला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर राहत की सांस ली है।