न्यूज 127.
प्रयागराज महाकुंभ संपन्न होने के बाद हरिद्वार लौटे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि सनातन का युग लौट रहा है। वर्ष 2014 से पहले जय श्री राम कोई नहीं कहता था। प्रयागराज महाकुंभ में हजारों की संख्या में मुसलमान वापस हिंदू बने। अब सनातन का युग आ रहा है। पूरे विश्व में सनातन की पताका फहरा रही है। महाकुंभ में रोज करोड़ों श्रद्धालुओं ने स्नान कर यह साबित कर दिया है।
मोदी के आने से शुरू हुआ सनातन का उदयकाल
श्री महंत रविंद्र पुरी महाराज ने न्यूज 127 से खास बातचीत करते हुए कहा कि सनातन का संदेश 2014 से तब शुरू हुआ जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने। इससे पहले जय श्री राम कोई नहीं कहता था। जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए तब से सनातन का उदयकाल शुरू हुआ। अब सब हिंदू धर्म जाति के लोग एक साथ आ रहे हैं, हमारे बीच में जो द्वेष था वह खत्म हो रहा है। मुसलमान भी हिंदू बन रहे हैं। पहले सनानती माथे पर टीका नहीं लगाते थे, जनेउ नहीं पहनते थे, अब टीका भी लगाने लगे हैं, जनेउ भी पहनने लगे हैं, हनुमान चालीसा का पाठ भी करने लगे हैं, मंदिर भी जाने लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओर उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी है तो सब संभव है।
हम घर वापसी करा रहे, धर्म परिवर्तन नहीं
मुसलमानों के हिंदू बनने के सवाल पर कहा कि हजारों की संख्या में महाकुभ में मुसलमान हिंदू बने हैं। हम यह नहीं कह रहे हैं कि हम मुसलमानों को हिंदू बना रहे हैं। हम घर वापसी करा रहे हैं, उन्हें बताया जा रहा है कि पहले आप सनातनी थे, आप हिंदू थे, अब सब स्वयं ही वापस आ रहे हैं। पूरे भारत में घर वापसी का प्रयास हो रहा है। श्री महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि इस समय राज सत्ता और धर्म सत्ता दोनों है। इस समय पूरे विश्व में सनातन की पताका फहरा रही है। महाकुंभ में हमने अंग्रेजों को महामंडलेश्वर बनाया, जो ईसाई थे। उन्होंने अपनी जाति पंथ छोड़कर सनातन धर्म अपनाया। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को जाता है।
मोदी के आने से मिला जीने का अधिकार
बताया कि एक बार जब वह बरेली पहुंचे तो मुस्लिम समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में उनके पास पहुंची और कहा कि गुरू जी जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हैं तब से हमें जीने का अधिकार मिला है। गृहमंत्री अमित शाह की वजह से वह सुरक्षित हो गई हैं। हर जाति धर्म वह काम कर रहे हैं। श्री मंहत ने कहा कि हमारे यहां तो पहले से कहावत है कि जो सनातन की बात करेगा वो देश पर राज करेगा।
संतों की भी नम हो गई थी आंखें
अयोध्या श्रीराम मंदिर के बारे में कहा कि जब हम वर्ष 2021 में राममंदिर गए तो वहां हमने देखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला के आगे नतमस्तक लेटे हुए हैं, उनकी आंखें नम हैं। उन्हें देख हमारी भी आंखों में आंसू आ गए। वहां मौजूद संतों की आंखें भी नम हो गई। यह सब क्यों हो रहा था हमें भी नहीं पता था। कहा कि पहले जो लोग सत्ता की कुर्सी पर बैठे वह गैर हिंदू मानसिकता के थे। वह सनातन की बात नहीं करते थे।
अभी बहुत काम बाकी
मथुरा काशी को लेकर कहा कि अभी बहुत काम होना है। अयोध्या के बाद मथुरा काशी पर काम होना है। तमाम ऐसी मजिस्दों पर काम होना है जहां कभी मंदिर हुआ करते थे। जनसंख्या कानून को लेकर कहा कि पूरे देश में एक कानून होना चाहिए। यदि हिंदू दो बच्चे पैदा करता है तो उनके भी दो ही बच्चे होने चाहिए, वो यदि पांच बच्चे पैदा करेंगे तो हिंदुओं को भी पांच बच्चे पैदा करने चाहिए।




